
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में गजरौला-हसनपुर मार्ग पर मनौटा पुल और दीपपुर गेट के बीच दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बीएससी के छात्र 25 वर्षीय रोहित पुत्र होशियार सिंह निवासी शेरगढ़ की मौत हो गई।
रोहित अपने पिता को सिहाली जागीर छोड़कर हसनपुर कोचिंग के लिए आ रहा था। हादसे में दूसरा बाइक सवार सलमान पुत्र दिलशाद निवासी धनारी पट्टी, जनपद संभल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक रोहित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाल प्रेमपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के अनुसार, रोहित बीएससी का छात्र था और वह दो भाई-दो बहनों में सबसे छोटा था। छात्र की मौत से परिवार में मातम पसरा है।



