हबीबीनगर विस्फोट में सनसनीखेज खुलासा,बम नहीं मोर्टार से हुआ धमाका।
ब्लास्ट में सद्दाम की मौत, सद्दाम के जांघों से बरामद हुई मोर्टार की टेल यूनिट।

एफएसएल और जगुआर BD टीम अलर्ट, साक्ष्य लेकर जांच तेज,टेल यूनिट से खुलेगी मोर्टार की सप्लाई लाइन, नेटवर्क पर फोकस।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग के हबीबी नगर विस्फोट मामले में जांच के दौरान एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। शुरुआती तौर पर जिस धमाके को बम ब्लास्ट माना जा रहा था, वह दरअसल मोर्टार से हुआ विस्फोट बताया जा रहा है। इस खुलासे के बाद पूरे मामले की जांच की दिशा बदल गई है। इस विस्फोट में मारे गए सद्दाम की मौत को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों के अनुसार सद्दाम के जांघ में मोर्टार की टेल यूनिट फंसी हुई मिली, जिसे अत्यंत महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। यह टेल यूनिट ब्लास्ट के प्रकार और उसकी प्रकृति को स्पष्ट करती है। घटनास्थल से बरामद मोर्टार की टेल यूनिट को एफ़एसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और जगुआर की बम निरोधक टीम (BD टीम) ने अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों टीमें संयुक्त रूप से तकनीकी और वैज्ञानिक जांच में जुटी हुई हैं ताकि विस्फोट से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ा जा सके। जांच एजेंसियों का मानना है कि मोर्टार की यह टेल यूनिट अब सप्लाई लाइन का राज खोल सकती है। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि मोर्टार कहां से आया, किसके जरिए पहुंचाया गया और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। सबसे गंभीर सवाल यह उठ रहा है कि रिहायशी इलाके में मोर्टार जैसा खतरनाक सैन्य स्तर का हथियार आखिर पहुंचा कैसे। क्या इसके पीछे अवैध हथियारों की तस्करी का कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। इन बिंदुओं पर भी जांच तेज कर दी गई है।फिलहाल एफएसएल और जगुआर की टीम हर एंगल से साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद हबीबी नगर विस्फोट मामले में और भी बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।



