झुंझुनू
हादसा नहीं सुरक्षा चाहिए हर कर्मचारी का सुरक्षित घर लौटना ही सबसे बड़ी जीत -शीशराम मील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं। पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन के तत्वाधान में राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान, शिवपुरी द्वारा आर.डी.एस.एस योजना के अंतर्गत डिस्कॉम कर्मचारियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय परिचालनात्मक सुरक्षा एवम आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आज, खाना खजाना, पीरू सिंह सर्कल, झुंझुनूं में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह को संबोधित करते हुए विद्युत विभाग के मुख्य अभियन्ता शीशराम मील ने कहा कि हादसा नहीं, सुरक्षा चाहिए और हर कर्मचारी का सुरक्षित घर लौटना ही सबसे बड़ी जीत है। इस अवसर पर प्रशिक्षण संयोजक सहायक अभियंता निशा हिरणवाल सहित पी.एफ.सी उपमहाप्रबंधक संजेश कुमार, अधिशासी अभियंता मुमताज अली,अधिशासी अभियंता नाजिम जांगिड़, अतिरिक्त निदेशक योगेश पालीवाल, निपुण अरोड़ा, तौफिक, राजेन्द्र सरावग सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। तीन दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने कार्य अनुमति प्रक्रिया, अग्नि सुरक्षा, विद्युत खतरों की पहचान, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण विनियमन 2023, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देश, ट्रांसमिशन एवं वितरण लाइन, स्मार्ट मीटर स्थापना, ट्रांसफार्मर और सर्किट ब्रेकर विफलता के दौरान बचाव उपायों, अग्नि सुरक्षा आदि पर प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण सेवानिवृत चीफ इंजीनियर खुर्शीद हुसैन, सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर आर सिंह, योगेश पालीवाल, निपुन अरोड़ा और मुकेश कुमार सिंघल सेवानिवृत चीफ इंजीनियर जैसे अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया और अंत में मूल्यांकन परीक्षा के साथ संपन्न हुआ। अधीक्षण अभियंता ट्रेनिंग एच.आर. नाराणिया व अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग झुंझुनू वीरेंद्र खिचड़ के दिशा निर्देश में आयोजित शिविर में सहायक अभियंता प्रशिक्षण निशा हिरणवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अब कर्मचारी आपात स्थिति में त्वरित और सही निर्णय ले सकेंगे, जिससे कार्यस्थल पर होने वाले हादसों में भारी कमी आएगी और विद्युत आपूर्ति अधिक विश्वसनीय और निर्बाध बनेगी। यह पहल न केवल कर्मचारियों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास बढ़ाएगी बल्कि आम जनता को भी निर्बाध व सुरक्षित बिजली सेवा सुनिश्चित करेगी।



