असम के तिनसुकिया में संविधान दिवस मनाया गया।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : देश के अन्य हिस्सों की तरह असम के तिनसुकिया जिले में भी बुधवार को संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी एकत्रित होकर भारतीय संविधान के मूल आदर्शों और महान मूल्यों की रक्षा हेतु कार्य करने का संकल्प लिया। जिला आयुक्त कार्यालय के सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर यह शपथ ग्रहण किया। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा के अनुसार, जिले के उप-जिला आयुक्त कार्यालयों सहित विभिन्न विभागीय कार्यालयों में भी इसी प्रकार सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में गठित संविधान सभा ने औपचारिक रूप से भारत के संविधान को अंगीकृत किया था, जो 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि नागरिकों में संविधान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।



