हजारीबाग

मनरेगा योजना की समीक्षा बैठक आयोजित।

मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास अभियान के सफल क्रियान्वयन के निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हज़ारीबाग़ समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त रिया सिंह की अध्यक्षता में मनरेगा योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा मनरेगा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा वित्तीय वर्ष 2025–26 में मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यक्रम पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि मनरेगा से आच्छादित परिवारों का औसत कार्य दिवस बढ़ाते हुए प्रावधानानुसार 100 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को चिन्हित कर आधार से लिंक ई-केवाईसी युक्त जॉब कार्ड निर्गत करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि इच्छुक परिवारों को उनकी मांग के अनुरूप 15 दिनों के भीतर मनरेगा के अंतर्गत रोजगार उपलब्ध कराया जाए। महिलाओं एवं वंचित परिवारों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन को रोकने के उद्देश्य से इच्छुक परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जॉब कार्ड वितरण, अमृत सरोवर में वृक्षारोपण, तथा ई-केवाईसी से वंचित लोगों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा आयोजित कर मांग के आधार पर कार्यों की सूची तैयार की जाए तथा मनरेगा के अंतर्गत विशेष अभियान चलाकर लंबित एवं पुरानी योजनाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए। बैठक में उपविकास आयुक्त के अलावे कई बीडीओ एवं बीपीओ, जेएसएलपीएस के डीपीएम, संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button