
मीरपुर हिंदू, लोनी में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। प्रदेश सरकार ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा चलाने के निर्देश सभी जिलाधिकारियों को दिए थे, ताकि गाँवों और कस्बों में सफाई को लेकर जागरूकता फैलाई जा सके। लेकिन मीरपुर हिंदू ग्राम पंचायत (विकास खंड लोनी, गाजियाबाद) में स्वच्छता अभियान पूरी तरह ठप्प नजर आ रहा है।
गाँव के कई हिस्सों में नालियाँ कूड़े और गंदे पानी से भरी पड़ी हैं। जगह-जगह नालियों में मच्छरों का अंबार है, जिससे डेंगू, मलेरिया और टायफाइड जैसी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सफाईकर्मी कभी-कभी गाँव में आते हैं, वह भी केवल दिखावे के लिए। कूड़ा उठाने और नालियाँ साफ करने का ग्राम पंचायत की ओर से कोई नियमित प्रबंध नहीं है।
बरसात समाप्त हो जाने के बाद भी गाँव में गंदा पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इसके अलावा सुगरपुर गाँव की ओर जाने वाला रास्ता भी जलभराव के कारण खराब हो चुका है। प्राथमिक विद्यालय के पास की नालियाँ पूरी तरह गंदगी से जाम हैं, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिम्मेदार अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे। सरकार के स्वच्छ भारत मिशन की मंशा गाँव-गाँव सफाई अभियान चलाने और मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराने की थी, लेकिन मीरपुर हिंदू में न तो सफाई अभियान चला और न ही फॉगिंग कराई गई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से माँग की है कि गाँव में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए और मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि फैलती बीमारियों पर अंकुश लगाया जा सके।


