सिंगरौली
राज्य मंत्री के गृह ग्राम चितरंगी में ग्रामीणों ने बनाया बांस का पुल, लंबे समय से पुल बनाने की कर रहे थे मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
सिंगरौली । जिले के चितरंगी विकासखंड में बेलहवा नदी पार करने के लिए ग्रामीणों ने बांस-बल्ली से पुल बना लिया है। यह पुल बगदरा अभयारण्य क्षेत्र और कोरावल के बीच बनाया। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से पुल बनाने की मांग कर रहे थे। प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। बरसात में नदी में पानी आने से आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसलिए लोगों ने खुद ही समाधान निकाला।
कोरावल विकास मंच के अध्यक्ष डॉ. रमाशंकर बैस ने गांव वालों के साथ मिलकर देसी जुगाड़ से पीपा पुल बनवाया है। इससे कुलकवार और बगदरा के बीच आवागमन आसान हो गया है। लोगों को बरसात के मौसम में भी एक जगह से दूसरी जगह जाने में सुविधा होगी।
चितरंगी जनपद पंचायत के सीईओ मान सिंह सैयाम ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है। वे जांच करेंगे कि क्या पहले कभी पुल की मांग की गई थी या ग्रामीणों ने अपनी सुविधा के लिए खुद ही पुल बना लिया है।
राज्य मंत्री के गृह ग्राम का मामला
पूरा मामला असल में मध्य प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह के गृह ग्राम का है। इस मामले में जब राज्य मंत्री रहा राधा सिंह से बात की गई तो उनका कहना था कि मामला फिलहाल मेरे संज्ञान में नहीं है। इसको पता करते हैं और अगर वहां पुल की आवश्यकता है तो हम जल्दी ही प्रयास करेंगे कि वहां पुल का निर्माण हो जाए।



