अमृत पार्क में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
Tree plantation at Amrit Park under the 'Ek Ped Maa Ke Naam' campaign.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद नगर निगम द्वारा शनिवार को लिलौरी स्थान स्थित अमृत पार्क में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वार्ड संख्या-5 की पार्षद निरुपमा देवी ने पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “कैच द रेन” अभियान का भी प्रचार-प्रसार किया गया। उपस्थित लोगों को जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। पार्षद निरुपमा देवी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे ऐसे जन जागरूकता अभियान समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मौके पर वार्ड 4 के पार्षद छोटू सिंह, वार्ड 2 के पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, वार्ड 1 के पार्षद मधुमाला सहित लोग मौजूद थे।



