खैरथल

पहाड़ियों को हरा भरा बनाने का ले संकल्प: भूपेन्द्र यादव 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल-तिजारा। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव श्री राधा कृष्ण गौशाला फतियाबाद के तीसरे वार्षिक उत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश और दुनिया के सामने सबसे बड़ा संकट पर्यावरण का है। उन्होंने गौशाला के आसपास स्थित पहाड़ियों को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने पर जोर दिया।
केंद्रीय वन मंत्री श्री यादव ने कहा कि आधुनिक युग में हम रॉकेट बना सकते हैं, चांद पर पहुंच सकते हैं और मोबाइल तैयार कर सकते हैं, लेकिन पेड़ और अनाज केवल धरती माता ही उगा सकती हैं। इसलिए प्रकृति के साथ संतुलित जीवन शैली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज गांवों में हरियाली की जगह प्लास्टिक का उपयोग बढ़ता जा रहा है, जो भूमि को जहरीला और बंजर बना रहा है। ऐसे में गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने की सोच के साथ इस मुहिम को आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने डेयरी क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि सरस डेयरी के क्षेत्र में राज्य सरकार और एनडीडीबी के सहयोग से लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से 5.5 लाख लीटर क्षमता का संयंत्र स्थापित किया जाएगा। अलवर जिले में डेयरी क्षेत्र में हुए सुधारों के परिणामस्वरूप सरस डेयरी ने एक ही दिन में 3,67,000 लीटर दूध एकत्रित कर नया रिकॉर्ड कायम किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब पशु नस्ल सुधार और चारा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि डेयरी क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय वन मंत्री द्वारा फतेहाबाद गौशाला में बने नए कमरों का उद्घाटन भी किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button