उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की मासिक बैठक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। सोमवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की मासिक बैठक लिटिल फ्लावर पब्लिक स्कूल अमेठी के परिसर में सम्पन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल द्वारा की गई।
इस दौरान नगर अमेठी के पदाधिकारियों सहित जिला कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में सर्वप्रथम गत माह की कार्यवाही की समीक्षा की गई एवं संगठन के विस्तार, मजबूती तथा व्यापारियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अमेठी जनपद की छोटी एवं बड़ी बाजारों में संगठनात्मक मजबूती को बढ़ाते हुए कुल 33 बाजारों में पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा। इसके तहत संबंधित बाजारों में जाकर स्थानीय समितियों की समीक्षा, गठन एवं पुनर्गठन का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि इससे व्यापारियों की समस्याओं को तेजी से सुना और निस्तारित किया जा सकेगा तथा संगठन की पकड़ जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त होगी।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष एवं आस-पास के क्षेत्रों के प्रभारी देवचन्द्र सिंह मुन्ना ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि भादर, अयोध्या नगर, पीपरपुर, दुर्गापुर एवं रामगंज बाजार की कमेटियों का गठन जनवरी 2026 तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज के हितों की रक्षा, सुरक्षा और सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है।
जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल ने कहा कि व्यापारियों को प्रशासनिक स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान हेतु संगठन सदैव तत्पर है। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
अंत में जिला संगठन मंत्री प्रभाकर उपाध्याय, जिला मीडिया प्रभारी राज कुमार जायसवाल, जिला संगठन मंत्री शिवम प्रजापति, संदीप कसौधन, दीपक आर्य, अमेठी बाजार के अध्यक्ष घनश्याम सोनी, राजीव तिवारी, विनोद जायसवाल, आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।




