जालौन

संदी में भव्य कलश यात्रा, कुएं से जल भरकर श्रद्धालुओं ने किया पूजन

 नवकुण्डीय श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ, महिलाओं की रही बड़ी भागीदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। आटा थाना क्षेत्र के ग्राम संदी में आयोजित नवकुण्डीय श्री राम महायज्ञ के तहत गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था और उत्साह से ओत-प्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर सजे कलश लेकर भजन-कीर्तन करती हुई पूरे गांव का भ्रमण करती रहीं।
कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पातालेश्वर मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गांव के कुएं से पवित्र जल भरकर कलश स्थापित किए और पुनः यात्रा के रूप में कार्यक्रम स्थल पर वापस पहुंचे। पूरे मार्ग में जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर ग्राम संदी के सचिन दीक्षित, शिवसिंह कुशवाहा, डॉ. श्याम बिहारी दीक्षित, शिवम कुशवाहा, आकाश कुशवाहा, कश्यप राज दीक्षित, रिंकू, दशरथ कुशवाहा, मंगल कुशवाहा, गोपाल कुशवाहा सहित दर्जनों महिलाएं व ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजित महायज्ञ में कथा वाचन का दायित्व भागवताचार्य श्री नंदकिशोर शास्त्री जी (वृंदावन) एवं व्यासाचार्य श्री रविन्द्र कुमार दीक्षित जी द्वारा निभाया जा रहा है, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री श्री 1008 मंडलेश्वर महंत अमर दास जी महाराज कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत गणेश पूजन, कलश स्थापना, श्रीराम कथा, हवन-यज्ञ एवं भंडारे का क्रम लगातार जारी रहेगा। 23 अप्रैल से प्रारंभ हुए इस महायज्ञ का समापन 01 मई को पूर्णाहुति एवं कन्या भोज के साथ होगा। पूरे क्षेत्र में इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button