मेरठ
वेंकटेश्वरा कावड़ सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। श्रावण मास के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वेंकटेश्वरा समूह द्वारा आयोजित कावड़ सेवा शिविर का शुभारंभ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं हवन के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वेंकटेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि, अंजुल गिरि, शिव कुमार गिरि एवं कमला देवी द्वारा भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना कर किया गया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस सेवा शिविर में हरिद्वार से कावड़ लेकर आने वाले लाखों शिवभक्तों के लिए निशुल्क भोजन, विश्राम एवं चिकित्सा सुविधा की समुचित व्यवस्था की गई है। शिविर में श्रद्धालुओं को प्रातः नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही उनके स्नान एवं आराम हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्य सेवादार पंडित दीपक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला कांवड़ियों के लिए पृथक विश्रामगृह एवं आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर कृष्ण गोपाल शर्मा, लक्ष्य शर्मा, जितेंद्र कुमार, सनी गुप्ता एवं वेंकटेश्वरा समूह के मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित कई श्रद्धालु व सेवादार उपस्थित रहे।


