बरेली

शहरभर तीन दिन तक रहेगा डायवर्जन

कुछ मार्गों पर कार, ई-रिक्शा और ऑटो प्रतिबंधित रहेंगे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। धनतेरस और दिवाली के दौरान शहर के बाजारों में भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तीन दिन का डायवर्जन लागू किया है। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान की ओर से जारी हुए आदेश के तहत बदली हुई व्यवस्था 18 से 20 अक्तूबर तक लागू रहेगी।
तीनों दिन दोपहर दो बजे से रात एक बजे तक डायवर्जन रहेगा। तीन पहिया, चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा व ऑटो के लिए विशेष तौर पर एडवाइजरी जारी की गई है। इसके साथ ही जीआईसी और बिशप इंटर कॉलेज मैदान पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ऐसे गुजारे जाएंगे भारी वाहन
1. मुरादाबाद, रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन परसाखेड़ा से बड़ा बाइपास होकर नैनीताल, पीलीभीत, लखनऊ की तरफ जाएंगे।
2. लखनऊ की ओर से आने वाले भारी वाहन इन्वर्टिस तिराहे से बड़ा बाइपास होकर पीलीभीत, नैनीताल एवं रामपुर की तरफ जाएंगे।
3. रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत एवं बरेली की तरफ से बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास, इन्वर्टिस तिराहे से फरीदपुर, बुखारा मोड़, रामगंगा होकर जाएंगे और इसी रास्ते से वापस आएंगे।
4. लखनऊ से बदायूं की तरफ जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर से बुखारा मोड़, रामगंगा होकर जाएंगे। बदायूं से लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी वाहन रामगंगा तिराहे से बुखारा मोड़, फरीदपुर होते हुए गुजारे जाएंगे।
5. मिनी बाइपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर से किसी भी प्रकार के भारी वाहन महानगर में प्रवेश नही करेगें। बदायूं जाने वाले भारी वाहन मिनी बाइपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर, 100 फुटा पूर्वी, सेटेलाइट, ईसाइयों की पुलिया से बियावान कोठी से कैंट होते हुए बदायूं के लिए जा सकेंगे।
इन मार्गों पर तीन पहिया, ई-रिक्शा, ऑटो व चार पहिया वाहन प्रतिबंधित
1. श्यामगंज से साहू गोपीनाथ तिराहा
2. बरेली कॉलेज पश्चिमी गेट से सिकलापुर, रोडवेज बस स्टैंड, नावल्टी की ओर
3. सिकलापुर चौराहा से पुराना रोडवेज बस स्टैंड व साहू गोपीनाथ चौराहा की ओर
4. खलील तिराहा से कुतुबखाना चौराहा की ओर
5. किला क्रॉसिंग से साहू गोपीनाथ के बीच बड़ा बाजार की ओर
6. सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर की ओर
7. कोहाड़ापीर से कुतुबखाना की ओर
8. अशोकनगर तिराहा से सूद धर्मकांटा, कोहाड़ापीर की ओर
9. मूर्ति नर्सिंग होम से मठ की चौकी व साहू गोपीनाथ की ओर
10. पटेल चौक से नावल्टी, कुतुबखाना, बड़ा बाजार की ओर
11. शाहदाना चौराहा से साहू गोपीनाथ की ओर
12. चौपुला चौराहा से खलील तिराहा, कुतुबखाना की ओर
सड़कों पर निकले अफसर, किया रूट मार्च
दीपोत्सव से पहले पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने शहर के संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में पैदल गश्त की। लोगों से वार्ता कर सुरक्षा का अहसास कराया। बृहस्पतिवार को एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक व अन्य अधिकारियों ने कोतवाली के कुतुबखाना बाजार व किला थाना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ गश्त की।
गश्त के दौरान मार्गों, धार्मिक स्थलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, रात्रि गश्त एवं ड्रोन-सीसीटीवी निगरानी की प्रभावी व्यवस्था बनाने को कहा।
एडीजी रमित शर्मा ने बताया कि किसी तरह की अफवाह न फैलाएं, सोशल मीडिया सेल को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि शांति समिति एवं संभ्रांत नागरिकों से निरंतर संवाद किया जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button