अमरोहा
सैदनगली में दबंगों की दबंगई! घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग और मारपीट
महिलाओं को पीटा, तीन नामजद समेत दस अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा सैदनगली थाना क्षेत्र में 22 अक्टूबर की रात दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया, घर में तोड़फोड़ की और तमंचा लहराते हुए फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रामलीला मैदान स्थित धर्मशाला मंदिर के पास रहने वाली लक्ष्मी शर्मा पत्नी राजेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोसी बॉबी शर्मा उर्फ अमित शर्मा, वर्षा और शगुन सहित करीब दस अन्य अज्ञात लोग सोमवार देर रात घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। बचाने आईं प्राची और प्रेक्षा को भी बुरी तरह पीटा गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में थे और पहले भी कई बार विवाद कर चुके हैं। इस बार उन्होंने तमंचा लहराकर जान से मारने की धमकी दी और फायरिंग भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया। सैदनगली थाना पुलिस ने इस मामले में बॉबी शर्मा उर्फ अमित शर्मा, वर्षा, शगुन और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।



