अमरोहा

थाना आदमपुर पुलिस, एसओजी/सर्विलांस टीम ने टप्पेबाजी का किया खुलासा

शातिर ठग गिरफ्तार

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा पुलिस अधीक्षक अमरोहा श्री अमित कुमार आनन्द के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आदमपुर पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने टप्पेबाजी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी के 45 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन व बिना नम्बर की टीवीएस रेडियन मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दिन 22 अक्टूबर बृहस्पतिवार को वादी सरदार सिंह निवासी ग्राम दमगढ़ा द्वारा अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध टप्पेबाजी की तहरीर दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पत्नी को सरकार की योजना के नाम पर एक लाख बीस हजार रुपये और गैस सिलेंडर दिलाने का लालच देकर 57 हजार रुपये ठग लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमरोहा ने क्षेत्राधिकारी हसनपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत क्षेत्र के लगभग 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर हसनपुर-गवां मार्ग, आदमपुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी रिहान उर्फ मिन्जार पुत्र अनवर निवासी ऐचौड़ा, जनपद सम्भल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 45 हजार रुपये नकद, एक ओपो मोबाइल व एक बिना नम्बर की काली टीवीएस रेडियन मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात को कबूल किया। उसने बताया कि वह गरीब लोगों को सरकारी लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। घटना के दिन उसने वादी की पत्नी व परिजनों से पैसे ठगे और फरार हो गया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रिहान उर्फ मिन्जार बेहद शातिर ठग है, जिसके खिलाफ सम्भल, अलीगढ़, बुलंदशहर, दिल्ली, बिजनौर और अमरोहा समेत कई जनपदों में ठगी, चोरी और धोखाधड़ी के 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button