मुरादाबाद
जितिन प्रसाद ने मानी निर्यातकों की मांग, मुरादाबाद में बनेगा डिजाइन बैंक और डाई सेंटर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। केंद्रीय उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने मुरादाबाद के हस्तशिल्प सेवा केंद्र में डिजाइन बैंक और डाई सेंटर की स्थापना की निर्यातकों की मांग पर सहमति जताई है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए।
तकनीकी सहायता और डिज़ाइन अपग्रेडेशन की जरूरत
यह बात उन्होंने सर्किट हाउस में निर्यातकों के साथ हुई बैठक के दौरान कही। मंत्री ने बैठक में जिले के घटते निर्यात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मुरादाबाद के पारंपरिक हस्तशिल्प उद्योग को तकनीकी सहायता और डिज़ाइन अपग्रेडेशन की जरूरत है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए जो निर्यातकों की समस्याओं का नियमित समाधान सुनिश्चित करे। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार निर्यात को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहायता देने को तैयार है, लेकिन स्थानीय स्तर पर सक्रियता और समन्वय ज़रूरी है।
बैठक में मौजूद निर्यातकों ने डिज़ाइन की कमी, डाई सेंटर की अनुपलब्धता और उत्पादन लागत बढ़ने जैसी समस्याएं सामने रखीं। मंत्री ने हर बिंदु पर गौर करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्यात से जुड़ी चुनौतियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।



