
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव में हुई चर्चित जेवर दुकान चोरी कांड का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज चोरी मामले में शामिल छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा चोरी गए आभूषणों समेत घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया गया है।बताया जाता है कि 22 फरवरी 2026 की रात अज्ञात अपराधियों ने दिग्घी गांव स्थित एक जेवर दुकान का ताला तोड़कर दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी कर ली थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए महागामा थाना में कांड संख्या 33/2026 दर्ज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोड्डा पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन एवं मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।पुलिस की सख्ती से टूटा गिरोह लगातार दबिश के बाद पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सभी अपराधियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषणों की भी बरामदगी कर ली गई। गिरफ्तार अपराधी एनामुल (22 वर्ष), मो. मिस्टर उर्फ मिस्टर आलम (21 वर्ष), आर्यन कुमार उर्फ विष्णु (22 वर्ष), मो. साहुल उर्फ इमरान (26 वर्ष), राकेश कुमार (19 वर्ष), मो. सरफराज आलम (21 वर्ष) सभी आरोपी झारखंड एवं बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं और संगठित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
बरामदगी में क्या-क्या मिला
लगभग 2.7 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 800 ग्राम चांदी के आभूषण, चोरी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल,
दुकान तोड़ने में इस्तेमाल खंती/सबल सात मोबाइल फोन मिला है।
पुलिस टीम की भूमिका :
इस सफल कार्रवाई में पु.नि. उपेन्द्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल (महागामा), थाना प्रभारी ध्रुव कुमार (हनवारा), जुगनू महथा, रोमा कुमारी, संजय सिंह, अजय सिंह रवानी, खालिद अहमद खान, विजय राम सहित महागामा एवं हनवारा थाना के पुलिस बल की भूमिका रही।




