बेतुल

बैतूल में 3 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी,

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में होगी वोट चोर गद्दी छोड़ रैली

 शहर के शिवाजी ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी कांग्रेस की विशाल सभा 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिले की सियासत में 3 सितंबर को कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बैतूल पहुंचकर वोट चोर गद्दी छोड़ रैली का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और जिले भर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।रैली का आगाज शहर के शिवाजी ऑडिटोरियम से होगा, जहां कांग्रेस की विशाल सभा आयोजित की जाएगी। सभा के बाद कांग्रेसजन रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे। भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने बताया कि इस रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिले के सभी ब्लॉकों में बैठकें की जा रही हैं। प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं को मैदानी स्तर पर सक्रिय किया गया है और हर गांव-गांव तक संदेश पहुंचाया जा रहा है। निलय डागा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस आंदोलन को जनआंदोलन का स्वरूप दें और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करें।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सिर्फ मैदानी स्तर पर ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहें। आज के दौर में हाईकमान सोशल मीडिया की सक्रियता को एक महत्वपूर्ण पैमाना मान रहा है। उन्होंने युवाओं और सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सक्रिय रहकर भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार की इस रैली से बैतूल जिले की राजनीति में नई हलचल तेज होना तय है। कांग्रेस इस आयोजन को सरकार के खिलाफ सीधा जनादेश मान रही है, वहीं भाजपा पर भी इस कार्यक्रम का सीधा दबाव महसूस कराया जाएगा।
– कांग्रेस कार्यालय का होगा शुभारंभ
3 सितंबर को आयोजित होने वाली वोट चोर गद्दी छोड़ रैली के बाद जिला कांग्रेस कार्यालय का शुभारंभ भी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में किया जाएगा। पुराना बस स्टैंड गंज स्थित इस नए कार्यालय से जिला कांग्रेस अपनी आगामी रणनीति और गतिविधियों का संचालन करेगी। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इस कार्यालय का उद्घाटन बैतूल की राजनीति में कांग्रेस की नई ऊर्जा और मजबूत उपस्थिति का प्रतीक होगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button