ललितपुर
बोर्ड ऑफ विजिटर व प्राधिकरण ने कारागार का किया निरीक्षण
देखी व्यवस्थाएं, साफ-सफाई की व्यवस्थाएं रखने के दिये निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिला जज/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला कारागार में बोर्ड ऑफ विजिटर एवं प्राधिकरण द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। बोर्ड ऑफ विजिटर में कमेटी सदस्य जिला जज अशोक कुमार सिंह, डीएम सत्य प्रकाश, एसपी मो.मुश्ताक, सचिव मयंक जायसवाल, सीजेएम रविशंकर गुप्ता, पीडब्ल्युडी अधिशाषी अभियंता विजय चंद्र, डिप्टी सीएमओ डा.अवधेश यादव, सामाजिक कार्यकर्ता अजय बरया, मोहिनी जैन ने संयुक्त रूप से जिला कारागार में पुरूष बैरक, महिला बैरक, भोजन-शाला, अस्पताल का निरीक्षण किया। जेल में निरूद्ध बन्दियों से वार्तालाप कर उनसे किसी भी प्रकार की समस्या, जेल प्रशासन से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के बारे में पूंछा गया तो बन्दियों ने अवगत कराया जेल अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा अच्छा बर्ताव किया जाता है। बैरकों में बन्दियों के स्नानघर और शौचालय तथा पानी की टंकी तथा पीने के पानी का भी निरीक्षण कर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने हेतु निर्देशित किया गया। बन्दियों से निशुल्क अधिवक्ता हेतु अवगत कराया गया तथा बन्दियों को बताया गया कि यदि उन्हें निशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता हो तो कारागार में स्थापित लीगल एड डिफेंस काउन्सिल में अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर निशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकते है। बन्दियों से पूछा गया कि कारागार में किसी प्रकार का भेदभाव आपके साथ तो नहीं होता है तो उनके द्वारा बताया गया ऐसा नहीं होता है। भोजनशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था सामान्य पायी गयी एवं सुबह के भोजन बनने की प्रक्रिया चल रही थी जो कि प्रदर्शित खाने की सूची के अनुसार थी। कारागार में स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया गया। अस्पताल में आवश्यकता से अधिक बन्दियों को मरीज के रूप में भर्ती पाया गया जिस पर माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी द्वारा अधीक्षक जिला कारागार को कड़े शब्दों में जांच करने की चेतावनी दी गयी। जिला कारागार में निरीक्षण के दौरान अधीक्षक शिवमूरत सिंह, कारापाल जीवन सिंह, उप कारापाल प्रिंस बाबू, उप कारापाल शकुंतला देवी, फार्मासिस्ट विनोद कुमार, न्यायालय से अनवर खां, शुभम चिकारा, रोहित राठौर, विकास कुशवाहा आदि मौजूद रहे।



