गाजियाबाद
श्यामलता मेमोरियल पब्लिक स्कूल में मनाया गया राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी : श्यामलता मेमोरियल पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कैंसर के कारणों, लक्षणों और उससे बचाव के उपायों के प्रति संवेदनशील बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने कैंसर जागरूकता पर आधारित वीडियो निर्माण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने रचनात्मक तरीकों से कैंसर के विषय में जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, एक विशेष निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने “कैंसर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और स्वस्थ आदतें” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत पोस्टर-मेकिंग और स्लोगन लेखन गतिविधियों ने भी सबका ध्यान आकर्षित किया। पोस्टरों के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू से दूरी और हानिकारक UV किरणों से बचाव जैसे उपाय अपनाकर कैंसर जैसी बीमारी से बचा जा सकता है।
विद्यालय की प्रिंसिपल, श्रीमती रिमझिम शर्मा के निर्देशन में पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है – जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली।” उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं भी स्वस्थ आदतें अपनाएं और समाज में इस संदेश को फैलाएं।
कार्यक्रम का समापन सभी छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों के बीच यह संदेश देते हुए हुआ कि “स्वस्थ जीवन ही सच्चा धन है” और जीवन में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर हम गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं। विद्यालय परिसर में पूरे दिन एक सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल रहा।


