मथुरा
कार्रवाई के बाद भी नहीं चेते ठेकेदार, शुरू नहीं किया निर्माण कार्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। होलीगेट से पुराने बस स्टैंंड के निकट अंडरपास तक मार्ग निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। डिबार की कार्रवाई के बाद भी कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी कार्य शुरू करने में लापरवाही बरत रहे हैं। यहां तक कि महापौर विनोद अग्रवाल का आदेश भी हवा हवाई कर दिया। मार्ग के उखड़ने से राहीगरों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर बेतरतीब सीमेंट के बड़े-बडे पाइप डाल दिए गए हैं। इससे घंटो तक लोगों को जाम में जूझना पड़ रहा है। व्यस्ततम मार्ग पर दिनभर जाम जैसे हालात बने रहते हैं। स्थानीय व्यापारी पासी गर्ग का कहना कि मार्ग उखड़ने के बाद ग्राहकी कम हो गई है। जो ग्राहक आ रहे हैं, वह घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। इसलिए प्रतिदिन ग्राहकी कम होती जा रही है। जब तक मार्ग का निर्माण नहीं होगा, तब तक यही हाल रहेगा। वहीं जयपाल ने बताया कि कई दुपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं। यह मार्ग जानलेवा बनता जा रहा है, फिर भी ठेकेदार कार्य शुरू नहीं करा रहे हैं। वहीं बीते दिनों महापौर ने सख्ती दिखाते हुए कार्यदायी संस्था को जल्दी कार्य शुरू करने के लिए कहा था। इसके बाद भी ठेकेदार निर्माण शुरू कराने में लापरवाही बरत रहे हैं। हालांकि कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी ने जल्दी कार्य शुरू कराने का दावा किया है।



