गोड्डा
नपं क्षेत्र में सफाई का कार्य शुरू, कार्यपालक पदाधिकारी ने उक्त स्थल का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
महागामा : नगर पंचायत क्षेत्र में गुरुवार की संध्या साफ सफाई का कार्य शुरू किया गया। नगर क्षेत्र में जगह-जगह फैले कचरे की सूचना मिलते ही ग्रामीण विकास मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने नगर पंचायत को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। जिसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार व सिटी मैनेजर रोहित गुप्ता के निर्देशानुसार कचरे की डंपिंग के जगह की समस्या का निदान करते हुए नगर पंचायत की टीम सफाई अभियान में जुट गई। वहीं दोनों अधिकारी सहित कनीय अभियंता, सफाई कर्मियों के पर्यवेक्षक व पूरी टीम बसुआ चौक पहुंचे। वहीं नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी महागामा, आशीष कुमार ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से डंपिंग स्थल की समस्या के कारण नियमित कचरा उठाव प्रभावित था। वहीं नगर पंचायत की ओर से बताया गया कि अब प्रतिदिन नियमित रूप से कचरा उठाव किया जाएगा।



