भीड़भाड़ और असामाजिक तत्वों पर नजर, कांवड़ यात्रा के लिए हाई अलर्ट पर पुलिस

दिल्ली-मेरठ मार्ग को कुल 8 बीट में विभाजित किया गया है, जिनमें प्रत्येक बीट पर 5 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। बीटों का निर्धारण रैपिड पिलर संख्या के आधार पर किया गया है, जिससे सीमा विवाद की संभावनाएं समाप्त होंगी और जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय रहेगी।
प्रत्येक बीट में एक उपनिरीक्षक और सिपाही तैनात रहेंगे, जो क्षेत्र की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे और आवश्यक जानकारी समय-समय पर उच्चाधिकारियों को देंगे। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिसबल की तैनाती की जाएगी।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और निवाड़ी गंगनहर पटरी मार्ग पर दो-दो बीट बनाए गए हैं, जबकि हापुड़ मार्ग और निवाड़ी मार्ग के लिए एक-एक बीट का गठन किया गया है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया जाएगा और राजचौपले पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।



