शामली
जलभराव और बदहाल सड़कों से त्रस्त लोगों ने एमएलसी एवं जिलाधिकारी से लगाई गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। कस्बे और देहात क्षेत्र में जलनिकासी की गंभीर समस्या और कच्ची सड़कों की बदहाली को लेकर कांधला के दर्जनभर लोगों ने समाजसेवी हाजी जावेद हसन के नेतृत्व में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं भाजपा एमएलसी विरेन्द्र सिंह को शिकायती पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई।शिकायती पत्र में बताया गया कि कस्बे के बाइपास सर्विस डग से लेकर श्याम बाग तक सड़क कच्ची है, जिसके चलते बरसात के मौसम में आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। सड़क के समानांतर नाला निर्माण अत्यंत आवश्यक है, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। इसके अलावा कांधला देहात क्षेत्र में कब्रिस्तान और श्मशान घाट के आसपास नाला निर्माण न होने से गंदा पानी जमा रहता है, जिससे धार्मिक स्थलों की गरिमा प्रभावित हो रही है और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं जन्नत कॉलोनी में पानी की निकासी के लिए नाले का अभाव है, जिससे कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इसी प्रकार सलेमपुर रोड पर जलनिकासी न होने के कारण बस्ती के लोगों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने भाजपा एमएलसी विरेन्द्र सिंह एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित कर नाला निर्माण एवं सड़क सुधार कार्य शीघ्र कराए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


