हापुड़

उधार के 300 रुपये वापस मांगने को लेकर हुआ बवाल ,

छतों से बरसाए ईंट पत्थर, पथराव में कई लोग हुए घायल..

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो

पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ शांति भंग में की कार्यवाही …

हापुड़ (यूपी) – उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक बार फिर कुछ लोगों ने अराजकता फैलाकर योगी सरकार की चुस्त-दुरूस्त कानून व्यवस्था में अशांति फैलाने की कोशिश की है । एक दुकानदार द्वारा उधार दिए तीन सौ रुपए मांगने पर दबंगों ने दुकानदार पर पथराव शुरू कर दिया जिसके बाद दोनों पक्ष इस कदर एक-दूसरे की जान लेने पर तुल गये, कि छत से जमकर ईंटों की बरसात कर दी । इस पथराव में न सिर्फ युवा उत्तेजित होकर ईंटें फेंक रहे थे, बल्कि महिलाएं भी पत्थरबाजी करने में किसी से कम नहीं पड़ रहीं थीं । हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र में हुई इस पत्थरबाजी का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है । जिसके बाद बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने उपद्रव करने वालों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्यवाही की है ।

जानकारी के अनुसार बहादुरगढ़ कस्बे के रहने वाले यामीन और शाहिद एक चाय की दुकान पर बैठे थे. बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों के बीच तीन सौ रूपयों के लेन-देन को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में तब्दील हो गई. दोनों ओर से एक-दूसरे के समर्थन में लोग आ गये और उन्होंने एक-दूसरे की जान लेने की नीयत से ईंटें बरसानी शुरू कर दी. एक पक्ष के हाथ में लाठी-डंडे थे, दूसरा पक्ष छत से ईंटों की बरसात कर रहा था. उपद्रवी युवक छत की दीवार तोड़कर छत से ईंटें फेंक रहे थे, तो इस काम में घर की महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं, उन्होंने भी जमकर पत्थरबाजी की. इलाके में मारपीट और पथराव की घटना से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही थाना बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तुरंत हालात को काबू में किया और दोनों पक्षों के चार लोगों आदिल, कामिल पुत्रगण यामीन, शाहिद, वाहिद पुत्रगण जफरूद्दीन को अपनी हिरासत में ले लिया और शांति भंग की धाराओं में कार्यवाही कर दी । वहीं, घटना से जुड़े पथराव की वीडियो भी सामने आई है. जिसमें देखा जा रहा है कि दोनों पक्षों की ओर से जमकर एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की जा रही है ।

थाना प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है, और दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। चार लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्यवाही की गई है ।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button