शामली

सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, आवास विकास की टीम ने की जांच

नामित सभासद ने नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ एसडीएम और सीएम पोर्टल पर की शिकायत, निर्माण रुकवाने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। कस्बे में अलीनगर रोड स्थित आवास विकास परिषद के बॉम्बे आवासों के समीप सरकारी भूमि और सड़क पर कथित अवैध निर्माण की शिकायत के बाद गुरुवार को आवास विकास परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। नामित सभासद एवं भाजपा आईटी सेल के जिला सह संयोजक रवि गहलोत ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेश पाल पुत्र आभेराम के खिलाफ उपजिलाधिकारी ऊन दीपिका मेहर से शिकायत की है। मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है।शिकायतकर्ता रवि गहलोत का आरोप है कि सरकारी भूमि पर दोबारा निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि करीब 11 माह पूर्व इसी भूमि पर आवास विकास परिषद की ओर से बनाए गए पांच आवासों को जेसीबी से ध्वस्त किया गया था। अब इसी स्थान पर फिर से निर्माण कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भूमि की ओर बने कुछ आवासों के गेट और छज्जों को दीवार खड़ी कर बंद किया जा रहा है। इससे आवासों में रहने वाले लोगों के आवागमन में परेशानी होने की आशंका जताई गई है।शिकायत के बाद आवास विकास परिषद के जेई सौरभ कुमार और अवर अभियंता संतोष कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने निर्माण कार्य और भूमि की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि जांच की रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।रवि गहलोत ने बताया कि वर्ष 2008-09 में आवास विकास परिषद की ओर से यहां कुल 62 आवासों का निर्माण कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष सीतापुरी में पांच आवासों को रातोंरात ध्वस्त कर दिया गया और बाद में उनका मलबा भी मौके से गायब कर दिया गया। उन्होंने एसडीएम से निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button