महिला ने पुलिस कर्मियों पर लगाए तोड़फोड़ व रिश्वत लेने के आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। राजस्थान में डीग के कैथवाड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने थाने के पुलिसकर्मियों पर गम्भीर आरोप लगाते सोमवार को रेंज आईजी कार्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर अपना परिवाद पेश किया। असमा नामक महिका ने अपने परिवाद में थाने के कई पुलिसकर्मियों को नामजद करते घर में तोड़फोड़ और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाये है। महिला ने अपने परिवाद के साथ पुलिस की कथित बर्बरता का एक वीडियो भी पुलिस के उच्चाधिकारियों को सौपा है। परिवाद में कहा गया है कि उसके पति राशिद के खिलाफ कुछ राजनीतिक लोगों द्वारा बनवाए गए हथियार के साथ फर्जी वीडियो को लेकर मनोज नामक सिपाही ने दो लाख रुपए की मांग की। रुपए देने से इंकार करने पर थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके घर में घुसकर लाठियों और कुल्हाड़ियों से हमला किया। इस दौरान उनकी सास और ननद भी घायल हुईं और उनके घर में रखे ट्रैक्टर, गाड़ी और घरेलू उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों की इस कार्रवाई से करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ। परिवाद में कहा गया है कि परिवार के किसी भी सदस्य ने कोई अपराध नहीं किया बावजूद इसके पुलिस ने बर्बरता की। असमा ने रेंज के पुलिस महानिरीक्षक से आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और पीड़ितों का मेडिकल कराने की मांग भी की गई है।


