विधायक एवं जिला परिषद अध्यक्ष ने उप स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण कार्य का किया शिलान्यास, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना प्राथमिकता- विधायक निशात आलम
MLA and District Council President laid the foundation stone for the construction of the sub-health center, strengthening health services is a priority - MLA Nishat Alam

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पंचायत मनीरामपुर में लगभग 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक निशात आलम एवं जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने संयुक्त रूप से आधारशिला रखी। विधायक निशात आलम ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस उप स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण से मनीरामपुर पंचायत सहित आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने भी इस पहल को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने से ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत, जिला परिषद सदस्य हंजेला शेख, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष मानसारुल हक, कांग्रेस जिला कोषाध्यक्ष असद हुसैन, मुखिया मजिबुर रहमान, रामविलास महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को क्षेत्र के लिए आवश्यक कदम बताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



