
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी : नंगला मोहनपुर: बी ए वी हायर सेकेंडरी स्कूल, नंगला मोहनपुर मे आयोजित पंचायत में मथुरापुर, शमशेर, चंपतनगर, नंगला मोहनपुर और भनेड़ा खुर्द सहित आसपास के गांवों के किसानों ने जीडीए की हरनांदीपुरम टाउनशिप योजना का जोरदार विरोध किया। किसानों ने साफ कहा कि वे अपनी कृषि भूमि किसी भी कीमत पर नहीं देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जमीन के सर्किल रेट में शीघ्र वृद्धि नहीं की तो वे धरना-प्रदर्शन व विरोध करने को मजबूर होंगे।
पंचायत का संचालन देहात मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव प्रिंसिपल मंतराम नागर ने किया और अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता विजेंद्र कसाना ने की। ग्राम प्रधान अमित चौधरी ने पंचायत को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रभावित गांवों की भूमि का सर्किल रेट कई वर्षों से बढ़ाया नहीं गया है और किसानों की बार-बार की गुहारों पर जिला प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
वरिष्ठ अधिवक्ता विजेंद्र कसाना ने कहा कि एनसीआर का यह क्षेत्र उपजाऊ कृषि भूमि और स्वच्छ हवा-पानी के लिए जाना जाता है। उन्होंने चेताया कि आपसी सहमति पर जमीन देना किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित हो सकता है। मंतराम नागर ने कहा कि जीडीए की योजना गांवों की बेशकीमती जमीन को हड़पने की साजिश है, लेकिन किसान को संगठित रहते हुए इसे सफल नहीं होने देना। जब तक हमे जमीन का वाजिब दाम नहीं मिल जाता। तब तक विरोध जारी रहेगा।
पंचायत में सैकड़ों किसान मौजूद रहे और उन्होंने ऐलान किया कि वे हर स्तर पर अपनी जमीन की रक्षा करेंगे और जीडीए की योजना को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे


