शामली
टैक्स जमा कराने के वायरल वीडियो पर पालिका अध्यक्ष ने बैठाई जांच
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। नगर पालिका परिषद में नवजात का नाम दर्ज करवाने पहुंचे एक व्यक्ति पर नगर पालिका के तीन कर्मचारियों ने पहले टैक्स जमा करो फिर नाम दर्ज करने की बात कही। पीड़ित ने मामले की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मामले को पालिका अध्यक्ष ने गंभीरता से लेते हुए तीनों कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी किया है। और अपना स्पष्टीकरण सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया है।
कस्बा निवासी तैय्यब पुत्र अब्दुल सलाम कई दिन पूर्व नगर पालिका परिषद में नवजात का नाम दर्ज करवाने के लिए पहुंचा था। पीड़ित का आरोप है कि नगर पालिका के कर्मचारी सुनील, शकीर व शोएब ने पीड़ित को पहले टैक्स जमा करने की बात कही उसके बाद नवजात का नाम दर्ज करने की बात कहते हुए टालमटोल करने लगे। पीड़ित ने मौके पर हंगामा कर दिया और मामले की वीडियो बना ली जिसे पीड़ित ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी किया है। पालिका के मुख्य लिपिक अशोक कुमार का कहना है कि पालिका में नवजात का नाम दर्ज करवाने आए व्यक्ति के द्वारा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। उक्त मामला बहुत ही गंभीर है। तीनों कर्मचारियों को टैक्स की बात नहीं करनी चाहिए थी। नवजात का नाम दर्ज करना चाहिए था। तीनों कर्मचारियों को पालिका अध्यक्ष के द्वारा कारण बताओं नोटिस जारी कर जांच टीम गठित कर जांच बैठाई गई है


