एस.आर. इंटरनेशनल एकेडमी की तीनों शाखाओं में छठ महापर्व की दिखी सांस्कृतिक छटा
बच्चों ने पारंपरिक कलाकृतियों, रंगोली और गीतों के माध्यम से प्रस्तुत की लोक आस्था की झलक, प्राचार्या प्रतिमा वर्मा ने दी पर्व की शुभकामनाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर एस.आर. इंटरनेशनल एकेडमी की नर्रा, बोकारो थर्मल एवं तेलो शाखाओं में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालयों में झारखंड और बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा एवं छठ महापर्व के प्रति अटूट आस्था की मनमोहक झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए छठ पर्व से जुड़ी विभिन्न पारंपरिक कलाकृतियां तैयार कीं। बच्चों ने सूप, डाला, ईख (गन्ना) और छठी मइया से संबंधित आकर्षक मॉडल बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई सुंदर अल्पना एवं रंगोलियों ने पूरे वातावरण को पर्वमय बना दिया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने छठ महापर्व के पारंपरिक गीतों और उसकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर आधारित लघु प्रस्तुतियां भी दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता और लोक परंपराओं का संदेश दिया।
प्राचार्या ने की बच्चों की प्रतिभा की सराहना
विद्यालय की प्राचार्या प्रतिमा वर्मा ने बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी रुचि की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व केवल एक लोक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य उपासना, अनुशासन, स्वच्छता और अटूट आस्था का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी कलाकृतियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छठ पर्व की महिमा को जिस खूबसूरती से प्रदर्शित किया है, वह हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है। उन्होंने छठी मइया से सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों की कलाकृतियों की सराहना की गई। साथ ही सभी को पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से छठ महापर्व मनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय के कर्मचारियों के बीच प्रसाद और मिठाइयां भी वितरित की गईं।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी लोकसंस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया।




