अलवर
हृदय रोग से ग्रसित 8 बच्चों को निःशुल्क उपचार एवं जांच हेतु इण्डस हॉस्पिटल मानसरोवर जयपुर के लिए भेजा गया

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अलवर । जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अन्तर्गत आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से हृदय रोग से ग्रसित 8 बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ निःशुल्क उपचार एवं जांच हेतु इण्डस हॉस्पिटल मानसरोवर जयपुर के लिए रवाना किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों की आरबीएसके टीमों द्वारा स्क्रीनिंग के बाद निःशुल्क ऑपरेशन कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में संचालित समस्त राजकीय विद्यालय, आंगनबाडी, मदरसों में अध्ययनरत बच्चों की स्क्रीनिंग कर बीमारी से ग्रसित बच्चों को तत्काल उपचार दिया जाता है एवं गंभीर रूप से ग्रसित पाए जाने वाले बच्चों को उपचार हेतु उच्च चिकित्सा संस्थानों पर रैफर कर निःशुल्क सर्जरी/उपचार कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉकों पर कार्यरत आरबीएसके टीमों द्वारा स्क्रीनिंग के दौरान 8 हृदय रोग से ग्रसित बच्चों को चिन्हित किया गया, जिन्हें जांच एवं उपचार हेतु इण्डस हॉस्पिटल मानसरोवर जयपुर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आरबीएसके टीमों द्वारा 1 लाख 44 हजार 633 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 7578 बच्चों को चिन्हित कर उपचार हेतु चिकित्सा संस्थान पर रैफर कर उपचारित करवाया गया तथा 8 हृदय रोग एवं 19 अन्य बीमारी से ग्रसित बच्चों की निःशुल्क सर्जरी करवाई गई।
इस दौरान आरसीएचओ डॉ. मंजू शर्मा, एनडीएनओ आरबीएसके डॉ. अरविन्द कुमार, डॉ. कल्पना मरोडिया एवं कौशल किशोर मौजूद रहे।



