ललितपुर
बोर्ड परीक्षा को सकुशल, सुचितापूर्ण व नकलविहीन सम्पन्न कराने के लिए
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण

कण्ट्रोल रुम से सभी परीक्षा केन्द्रों पर रखी जा रही पैनी नजर, मजिस्ट्रेटों को मुस्तैद रहने के दिये निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल/इण्टरमीडिएट परीक्षा को शान्तिपूर्ण, सुचितापूर्ण और नकलविहीन सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो मुश्ताक ने परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राजकीय इण्टर कॉलेज, वर्णी जैन इण्टर कॉलेज, एसडीएस और राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज में जाकर सभी विद्यालयों के कण्ट्रोल रुम में सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की गतिविधियों पर नजर रखी, जिसमें बच्चे परीक्षा देते हुए पाये गए। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी कैमरों का संचालन सुचारु रखा जाए और केन्द्र व्यवस्थापक पूरे समय सचेत रहकर कैमरों का संचालन देखते रहें। परीक्षा को पूर्णत: नकलविहीन सम्पन्न कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए। उन्होंने परीक्षा कक्षों में सी0सी0टी0वी0 कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर व राउटर आदि व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाये रखने के लिए केन्द्रों पर सी0सी0टी0वी0 कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर, साफ-सफाई, परीक्षार्थियों के बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय आदि की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखें। परीक्षा केंद्रों के कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखें, इसके साथ ही कण्ट्रोल रुम से लगातार निगरानी करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि बोर्ड परीक्षा में सभी अधिकारी सम्वेदनशील रहकर अपने दायित्वों को पूर्ण करें। साथ ही नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराये जाने हेतु प्रश्न पत्रों की सुरक्षा पर कड़ी निगरानी रखते हुए शासन द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी स्टेटिक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहें, परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर आदि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूर्णतया प्रतिबंधित रखें। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए तनावमुक्त रहने की सलाह दी और कहा कि तनाव मुक्त रहने के लिए विशेषज्ञों की सलाह मानें, परिवारीजन बच्चों का उत्साहवर्द्धन करें, उनसे बातचीत करें और पौष्टिक भोजन करायें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



