गोड्डा
मछिया सिमड्डा पंचायत में डालसा ने चलाया जागरूकता अभियान,
नालसा वीर सहायता योजना के बारे में दी गई जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। सदर प्रखंड क्षेत्र के मछिया सिमड्डा पंचायत में डालसा की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह पीडीजे रमेश कुमार एंव डालसा सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर सदर प्रखंड के मछिया सिमड्डा पंचायत के मालिनी गांव में अधिकार मित्र मो. इंतेखाब आलम की ओर से मुख्य रूप से नालसा वीर परिवार सहायता योजना, बाल विवाह कानून आदि योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को जानकारी दिया कि नालसा वीर परिवार सहायता योजना एक अहम योजना है। इसके तहत रक्षा कर्मियों, पूर्व सैनिक, विधवाओं एंव उनके आश्रितों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए शुरू की गई एक पहल है। राष्ट्रीय सेवा प्राधिकरण ने रक्षा मंत्रालय के तहत केंद्रीय सैनिक बोर्ड के सहयोग से इस योजना को स्थापित किया है। ताकि कानूनी सहायता के समर्पित क्लीनिक बनाया जा सके। जिससे ऐसे परिवारों को न्याय मिल सके। इस योजना का उद्देश्य ही है कि रक्षा कर्मियों, पूर्व सैनिकों, विधवाओं और उनके आश्रितों के लिए एक मजबूत कार्य प्रणाली बनाना है। बताया कि यह योजना उन लोगों को कानूनी सहायता प्रदान करती है जो किसी भी कानूनी मामले या कार्यवाही के लिए अधिवक्ता का खर्च नहीं उठा सकते हैं। यह समाज के सबसे कमजोर वर्गों को नि:शुल्क कानूनी सेवाएं उपलब्ध करा कर अभिवंचित को न्याय दिलाने में मदद करती है। इसके अलावा बाल विवाह कानून, नालसा, झालसा, डालसा आदि योजनाओं के बारे में अहम जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों में फुलेश्वरी देवी, श्वेता कुमारी, गुड्डी देवी, रीता देवी, द्रोपदी देवी, फुलकुमारी देवी, रूकसाना अंजूम, नीलम देवी, अमित आदि उपस्थित थे।



