नारायणपुर: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस, प्रदर्शनी व प्रोफेशनल मीट का आयोजन
Narayanpur: BJP organizes press conference, exhibition and professional meet on 11 years of service, good governance and poor welfare

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा, नारायणपुर। नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नारायणपुर स्थित अग्रसेन भवन में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस, प्रदर्शनी व प्रोफेशनल मीट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बिरंची नारायण द्वारा प्रेस को संबोधित करते हुए हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्ष भारत के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। यह कालखंड सिर्फ प्रशासनिक उपलब्धियों का नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने और वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा पुनर्स्थापित करने का समय रहा है। उन्होंने बताया कि विश्व बैंक के अनुसार, इन 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। कार्यक्रम प्रभारी महेंद्र मंडल ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष दृढ़ भारत के नव निर्माण की मजबूत नींव हैं। वहीं नाला विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो ने कहा कि पहले प्रतिदिन औसतन 9 किलोमीटर हाईवे का निर्माण होता था, जबकि आज यह आंकड़ा बढ़कर 34 किलोमीटर प्रतिदिन हो गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, तभी से राष्ट्र निर्माण का नया युग प्रारंभ हुआ। यह 11 वर्ष “संकल्प से सिद्धि” की यात्रा है। मुख्य अतिथि बिरंची नारायण ने रक्षा क्षेत्र में देश की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 2014 से पहले भारत में सिर्फ 20 दिन का युद्ध लड़ने लायक गोला-बारूद था, लेकिन आज भारत दर्जनों देशों को हथियार सप्लाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि ब्रह्मोस मिसाइल की मांग दुनियाभर से आ रही है और जल्द ही भारत में राफेल का निर्माण भी शुरू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा क्षेत्र में भी भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। नई शिक्षा नीति के तहत अब मेडिकल की पढ़ाई स्थानीय भाषाओं में संभव हो गई है। यह भारत को आत्मनिर्भर और शक्तिशाली राष्ट्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री मितेश साह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन दिलीप हेम्ब्रम ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, भाजपा नेता सुनील हांसदा, दीपक सिंहा, द्वारिका सिंह, आनंद पोद्दार, रमेश ओझा, सुजाता सिंह भैया, संजय मंडल, संजय पोद्दार, चंदन राउत, मंगल सोरेन, लोकेश महतो, सुखिन्द्र टुडू, राजेश मंडल, जावेद अंसारी, झूमा देवी, दिनेश पांडेय, पिंटू पांडेय, रवि महतो, राजू मंडल समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


