आईएमए साइक्लिंग चैंपियनशिप में चिकित्सकों का दिखा दमखम
80 वर्षीय वरिष्ठों से लेकर दो साल के बच्चों ने लिया हिस्सा

करीब 200 चिकित्सकों एवं परिजनों की सहभागिता; पुरुष वर्ग में सर्जन्स XI और महिला वर्ग में फिजिशियंस XI ने जीता गोल्ड मेडल, डॉक्टर दंपतियों की रिले रेस रही विशेष आकर्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) मेरठ शाखा की ओर से आयोजित आईएमए साइक्लिंग चैंपियनशिप-2026 में चिकित्सकों और उनके परिजनों ने उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। फिट रहें, हिट रहें और स्वस्थ समाज की ओर एक कदम बढ़ाएं के संदेश के साथ आयोजित इस चैंपियनशिप में लगभग 200 चिकित्सकों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने हिस्सा लिया। आयोजन की विशेष बात यह रही कि इसमें 80 वर्ष तक के वरिष्ठ चिकित्सकों से लेकर मात्र दो वर्ष के नन्हे बच्चों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। प्रतियोगिता के माध्यम से चिकित्सकों ने समाज को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने किया। आईएमए अध्यक्ष एवं वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आलोक अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के उपप्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक के मार्गदर्शन में किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. आरसी गुप्ता ने अपने संबोधन में साइकिलिंग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनेक बीमारियों से बचाव में भी सहायक होती हैं। उन्होंने चिकित्सकों एवं उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. आलोक अग्रवाल ने साइकिलिंग के चिकित्सकीय लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि साइकिलिंग एक बेहतरीन लो-इम्पैक्ट एक्सरसाइज है, जिसमें दौड़ने की तुलना में घुटनों और अन्य जोड़ों पर अपेक्षाकृत कम दबाव पड़ता है। नियमित साइकिलिंग से हृदय एवं फेफड़ों की कार्यक्षमता बेहतर होती है, रक्त संचार में सुधार आता है तथा स्टैमिना और सहनशक्ति बढ़ती है। इसके अलावा वजन नियंत्रण, ब्लड शुगर एवं कोलेस्ट्रॉल प्रबंधन और हृदय रोगों के जोखिम को कम करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि साइकिलिंग से शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और जोड़ों की गतिशीलता एवं कार्यक्षमता में सुधार आता है।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि साइकिलिंग पीठ और कमर की मांसपेशियों को सक्रिय रखने तथा शरीर की गतिशीलता बढ़ाने में सहायक हो सकती है। घुटने, टखने या कमर के दर्द से पीड़ित लोगों को अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार साइकिल की सीट, हैंडल और व्यायाम की तीव्रता निर्धारित करनी चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सकों ने भी स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और संतुलित दिनचर्या को अपनाने पर विशेष जोर दिया।
महिला चिकित्सकों और वरिष्ठ नागरिकों की रही विशेष भागीदारी
चैंपियनशिप में बच्चों की बड़ी संख्या में सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं महिला चिकित्सकों और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी पूरे उत्साह के साथ साइकिलिंग में भाग लिया। वरिष्ठ चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि शारीरिक फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली किसी उम्र की मोहताज नहीं है।
सर्जन्स XI और फिजिशियंस XI के बीच रोमांचक मुकाबला
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक आकर्षण सर्जन्स XI और फिजिशियंस XI के बीच आयोजित रिले साइकिलिंग चैंपियनशिप रही। दोनों टीमों के बीच शानदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। पुरुष वर्ग में सर्जन्स XI ने गोल्ड मेडल जीतकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि फिजिशियंस XI ने सिल्वर मेडल हासिल किया। महिला वर्ग में फिजिशियंस XI ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि सर्जन्स XI को सिल्वर मेडल मिला।
पुरुष वर्ग की विजेता सर्जन्स XI टीम में डॉ. आशु मित्तल, डॉ. सुमित उपाध्याय, डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक, डॉ. एएस जग्गी, डॉ. विभूति शरण, डॉ. पंकज राठौर और डॉ. राहुल गुप्ता शामिल रहे।
पुरुष वर्ग की उपविजेता फिजिशियंस XI टीम में डॉ. संदीप गर्ग, डॉ. अमित उपाध्याय, डॉ. तरुण गोयल, डॉ. अंकित जैन, डॉ. अभिषेक गोयल, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. अवनीत राणा शामिल रहे।
महिला वर्ग की विजेता फिजिशियंस XI टीम में डॉ. अनुपमा वर्मा, डॉ. भावना शर्मा, डॉ. प्रिंसी बंसल, डॉ. आस्था अग्रवाल और डॉ. प्रिया गुप्ता शामिल रहीं। वहीं उपविजेता सर्जन्स XI टीम में डॉ. सुधि कंबोज, डॉ. अनुपमा उपाध्याय, डॉ. अर्चना गोयल, डॉ. मीना बेम्बी और डॉ. रेनू उपाध्याय शामिल रहीं।
व्यक्तिगत साइकिलिंग प्रतियोगिता में भी चिकित्सकों ने दिखाया दमखम
व्यक्तिगत साइकिलिंग प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के विभिन्न आयु समूहों में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पुरुष वर्ग में 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में डॉ. एएस जग्गी प्रथम और डॉ. कृष्ण गोपाल लखनपाल द्वितीय स्थान पर रहे। 60 से 70 वर्ष आयु वर्ग में डॉ. रविंदर मलिक ने प्रथम, डॉ. अनिल कुमार ने द्वितीय और डॉ. नवनीत गर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
55 से 60 वर्ष आयु वर्ग में डॉ. संदीप गर्ग प्रथम, डॉ. आशु मित्तल द्वितीय और डॉ. आलोक अग्रवाल तृतीय रहे। 51 से 55 वर्ष आयु वर्ग में डॉ. तरुण गोयल ने प्रथम, डॉ. अमित उपाध्याय ने द्वितीय और डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
40 से 50 वर्ष आयु वर्ग में डॉ. लोकेश कुमार प्रथम, डॉ. अवनीत राणा द्वितीय और डॉ. विभूति शरण तृतीय स्थान पर रहे। 40 वर्ष से कम आयु वर्ग में डॉ. पंकज राठौर ने प्रथम, डॉ. अंकित जैन ने द्वितीय और डॉ. नवरत्न गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में 50 से 60 वर्ष आयु वर्ग में डॉ. अनुपमा उपाध्याय प्रथम, डॉ. मीना बेम्बी द्वितीय और डॉ. अर्चना गोयल तृतीय स्थान पर रहीं। 50 वर्ष से कम आयु वर्ग में डॉ. सुधि कंबोज प्रथम, डॉ. रेनू उपाध्याय द्वितीय और डॉ. प्रिया गुप्ता तृतीय रहीं। वहीं 45 वर्ष से कम आयु वर्ग में डॉ. प्रिंसी बंसल ने प्रथम, डॉ. भावना शर्मा ने द्वितीय और डॉ. अनुपमा वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
डॉक्टर दंपतियों की स्पाउस रिले बनी आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष प्रतियोगिता में एक नए और अनूठे प्रारूप के रूप में हसबैंड एंड वाइफ स्पाउस रिले का आयोजन किया गया। इसमें डॉक्टर दंपतियों ने पति-पत्नी की जोड़ी के रूप में एक टीम बनाकर एक-एक माइल की साइकिलिंग पूरी करते हुए रिले में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता ने खेल के साथ पारिवारिक सहभागिता, आपसी सहयोग और फिटनेस के प्रति साझा प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में डॉ. संदीप गर्ग एवं डॉ. श्वेता गर्ग, डॉ. अमित उपाध्याय एवं डॉ. अनुपमा उपाध्याय तथा डॉ. तरुण गोयल एवं डॉ. अर्चना गोयल की जोड़ियों ने प्रतिभाग किया।
40 से 50 वर्ष आयु वर्ग में डॉ. सुमित उपाध्याय एवं डॉ. रेनू उपाध्याय, डॉ. अभिषेक गोयल एवं डॉ. प्रिया गुप्ता तथा डॉ. नवरत्न गुप्ता एवं डॉ. आस्था अग्रवाल की जोड़ियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह में विजेताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. आरसी गुप्ता, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, उपप्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक, डॉ. गिरीश गुप्ता तथा आईएमए अध्यक्ष डॉ. आलोक अग्रवाल ने विजेताओं एवं प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर डॉ. विजय मोधा एवं डॉ. विकास गर्ग रहे। आयोजन कार्यकारिणी में डॉ. भावना शर्मा एवं डॉ. सुमित उपाध्याय ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. प्रियंक गर्ग, डॉ. अभिषेक गोयल, डॉ. अनुपमा वर्मा, डॉ. निशांत त्यागी, डॉ. अनु मित्तल, डॉ. संदीप गर्ग, डॉ. राजकुमार बजाज एवं डॉ. अशोक बजाज सहित अनेक चिकित्सकों का सराहनीय सहयोग रहा।
इसके साथ ही आईएमए के वरिष्ठ लिपिक सोहन लाल का आयोजन की व्यवस्थाओं एवं सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आईएमए की ओर से इस आयोजन को केवल एक साइकिलिंग प्रतियोगिता नहीं, बल्कि चिकित्सकों द्वारा समाज के सामने स्वस्थ जीवनशैली का उदाहरण प्रस्तुत करने की सार्थक पहल बताया गया। चिकित्सकों ने अपने बच्चों और परिवारों के साथ मिलकर संदेश दिया कि फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है।
आईएमए का संदेश रहा— ‘साइकिल चलाएं, स्वस्थ रहें, पर्यावरण बचाएं। उम्र कोई बाधा नहीं, फिटनेस ही जीवन की असली पूंजी है।’
डॉ. भावना शर्मा, स्पोर्ट्स संयुक्त सचिव एवं डॉ. सुमित उपाध्याय, स्पोर्ट्स सचिव, आईएमए मेरठ ने आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।




