बरेली
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने वोटर लिस्ट में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश
मढ़िनाथ मंडल के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

बीएलओ से फॉर्म-6 जमा होने की स्थिति का लिया जायजा
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे दो दिवसीय विशेष पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतिम दिन रविवार को कैंट विधायक एवं सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने मढ़िनाथ मंडल के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को वोटर लिस्ट में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए।
विधायक ने रामानुज दयाल सरस्वती शिशु मंदिर, मदर प्रयागो स्कूल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिठौरा, प्राथमिक विद्यालय सिठौरा और प्राथमिक विद्यालय बेनीपुर चौधरी स्थित मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने वहां कार्यरत बीएलओ से फॉर्म-6 जमा होने और नए नाम जुड़ने की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से एसआईआर में छूटे हुए पात्र मतदाताओं, अन्य स्थानों से स्थानांतरित होकर आए नागरिकों, साथ ही आगामी एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अभियान का जायजा लेते हुए उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान अरुण कश्यप, दरबारी लाल, गोपाल चानना, अशोक ठाकुर, सुधीर भटनागर डब्बल, हरीश वाल्मीकि, चन्द्रपाल आर्या, जेपीएस पाल, सत्यम सक्सेना गोलू, अमन सक्सेना समेत तमाम लोग मौजूद रहे।




