गोड्डा
कल्याण विभाग के संचालित योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा, दिए दिशा निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
गोड्डा : समाहरणालय के सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, साइकिल वितरण योजना, बिरसा आवास योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी योजना, कियोस्क निर्माण, बिरसा आवास योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत सहायता, धूमकुडिया आदिवासी कला केंद्र, आवासीय विद्यालय में मरम्मती जीर्णोद्धार का कार्य, अल्पसंख्यक छात्रावास निर्माण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त के द्वारा सर्वप्रथम प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति वित्तीय वर्ष (2023-24) एवं (2024-25) छात्रवृत्ति भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला कल्याण पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष (2023-24) में कुल 206838 विद्यार्थियों में 203064 विद्यार्थियों का भुगतान किया जा चुका है वहीं वित्तीय वर्ष (2024-25) में कुल 190316 विद्यार्थियों में 167536 विद्यार्थियों का भुगतान किया जा चुका है। बाकी शेष बचे हुए विद्यार्थियों का आवंटन के अभाव में भुगतान लंबित है। इस पर उपायुक्त ने विभाग द्वारा आवंटन प्राप्त होते ही ससमय छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साइकिल वितरण योजना के समीक्षा के क्रम में कल्याण पदाधिकारी के द्वारा उपायुक्त को अवगत कराया गया है कि सभी विद्यालयों में साइकिल वितरण का कार्य जारी है। इस पर उपायुक्त के द्वारा प्रखंडवार विद्यार्थियों की संख्या एवं उपलब्ध साइकिलों की संख्या की जानकारी लेते हुए सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि साइकिल वितरण के दौरान सभी साइकिलों की जांच ( घंटी/ब्रेक/ सीट/ चैन में ग्रीसिंग का कार्य) करने के बाद ही छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण किए जाएं।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना का फॉर्म उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया साथ ही सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर अस्पताल स्तर से ही मरीज का फार्म जेनरेट करते हुए सभी दस्तावेज संलग्न कर प्रखंड कार्यालय भेजने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी/एई/जेई को उनके क्षेत्र में कल्याण विभाग अंतर्गत बिरसा आवास, कब्रिस्तान घेराबंदी, धूमकुडिया आदिवासी कला केंद्र, पीएम जनमन आवास निर्माण एवं अन्य योजनाओं का प्रतिदिन स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जांच कर जियोटैग फोटो जिला कल्याण कार्यालय के व्हाट्सएप ग्रुप में अपलोड करने तथा उनके द्वारा किए गए जांच कार्यों का निरंतर मॉनिटरिंग करने का निर्देश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह, सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं कल्याण विभाग के कर्मी मौजूद थे।



