गोड्डा

परसपानी होम्योपैथिक कॉलेज में फैकल्टी बहाली को लेकर जारी हुआ विज्ञापन, छात्रों में जगी उम्मीद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा : गोड्डा जिले के पथरगामा प्रखंड अंतर्गत परसपानी स्थित एकमात्र होम्योपैथिक कॉलेज, जो पिछले कुछ समय से अव्यवस्थाओं और मान्यता संकट को लेकर चर्चा में रहा है, अब एक नई दिशा की ओर बढ़ता दिख रहा है। कॉलेज में वर्षों से फैकल्टी की भारी कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया था। कॉलेज की बदहाल स्थिति को लेकर केंद्र सरकार ने कई बार चेतावनी दी थी कि यदि निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था नहीं की गई, तो कॉलेज की मान्यता रद्द कर दी जाएगी। इसके बावजूद भी कॉलेज प्रबंधन द्वारा समय पर सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। केंद्रीय टीम द्वारा हाल ही में कॉलेज की मान्यता अस्थायी रूप से रद्द करते हुए 30 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है, ताकि सभी कमियों को दुरुस्त किया जा सके। इस कारण शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए नामांकन प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। छात्रों ने इस स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए अपने भविष्य की चिंता को लेकर जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग की थी। इसी क्रम में कॉलेज के प्राचार्य और विद्यार्थियों ने श्रम नियोजन मंत्री  संजय प्रसाद यादव को सभी समस्याओं से अवगत कराते हुए विस्तृत ज्ञापन सौंपा। मंत्री श्री यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संबंधित विभाग को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। इसके बाद विभाग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए फैकल्टी बहाली के लिए औपचारिक विज्ञापन जारी कर दिया है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में राहत की भावना देखी जा रही है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि वे समय-सीमा के भीतर सभी शर्तों को पूरा कर कॉलेज की मान्यता बहाल कराने के प्रयास में जुटे हैं। फैकल्टी बहाली की प्रक्रिया शुरू होने से उम्मीद की जा रही है कि आगामी सत्र में नामांकन प्रक्रिया को फिर से शुरू किया जा सकेगा। छात्रों ने मंत्री संजय यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद प्रकट किया है और कॉलेज के शीघ्र पुनरुद्धार की उम्मीद जताई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button