ललितपुर
सैकड़ों फल व छायादार वृक्षों का कातिल बना विद्युत विभाग : संजीव चौरसिया
विद्युत विभाग द्वारा लाइन बिछाने के नाम पर अवैध कटान किये जाने का आरोप

कांग्रेस के जिला महासचिव ने डीएम को भेजा ज्ञापन
ललितपुर। नगर पंचायत पाली में बिजली विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर किए जा रहे पेड़ों के अवैध कटान के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के जिला महासचिव संजीव चौरसिया ने इस संबंध में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करायी जाक दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया कि बिजली विभाग द्वारा नीलकण्ठेश्वर महादेव मंदिर से बड़ी भवानी मंदिर तक 33 के.वी.ए. की लाइन बिछाने के लिए करीब 2 किलोमीटर तक आम, महुआ और पीपल जैसे सैकड़ों फलदार और छायादार वृक्षों को काट दिया गया है। कांग्रेस नेता संजीव चौरसिया ने आरोप लगाया कि यह कटान बिना किसी अनुमति के किया गया है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार पौधारोपण अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार विभाग ही पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। इस घटना से स्थानीय लोगों में भी काफी रोष है। लोगों का कहना है कि पेड़ पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण हैं और उन्हें इस तरह काटना एक अपराध है। संजीव चौरसिया ने जिलाधिकारी से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।



