झारखण्ड में ₹70,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव, 60 हजार से अधिक रोज़गार के अवसर स्टील, परमाणु एवं सौर ऊर्जा क्षेत्रों में जिंदल समूह करेगा चरणबद्ध निवेश
₹70,000 crore investment proposed in Jharkhand, creating over 60,000 employment opportunities Jindal Group to make phased investments in steel, nuclear and solar energy sectors

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम यात्रा के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इन वैश्विक निवेश संवादों के तहत प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह जिंदल समूह ने झारखण्ड में स्टील, परमाणु ऊर्जा एवं सौर ऊर्जा क्षेत्रों में ₹70,000 करोड़ से अधिक के चरणबद्ध निवेश का प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। यूनाइटेड किंगडम में आयोजित बैठकों के दौरान जिंदल समूह के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित निवेशों से संबंधित लेटर ऑफ इंटेंट राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा। यह निवेश झारखण्ड की निवेश-अनुकूल नीतियों, स्थिर शासन व्यवस्था और संसाधन-आधारित औद्योगिक क्षमता में बढ़ते वैश्विक विश्वास को दर्शाता है। प्रस्ताव के तहत पतरातू में 6 मिलियन टन प्रति वर्ष क्षमता वाला एकीकृत स्टील संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जिसमें उन्नत एवं कम-उत्सर्जन तकनीकों का उपयोग होगा। इसके अलावा, 1,400 मेगावाट क्षमता की प्रस्तावित परमाणु विद्युत परियोजना तथा 140 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना में भी निवेश का प्रस्ताव है, जो देश के स्वच्छ ऊर्जा एवं ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों के अनुरूप है। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग 11,000 प्रत्यक्ष और 50,000 से अधिक अप्रत्यक्ष रोज़गार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इससे एमएसएमई, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सेवा क्षेत्र एवं स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और झारखण्ड देश के प्रमुख ऊर्जा एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरने की दिशा में आगे बढ़ेगा।



