बाराबंकी
पुरवाधाम से निकली चार पावा चौदह गद्दी यात्रा पहुंची कोटवाधाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। सत्यानाम संप्रदाय की वार्षिक परंपरा के तहत इस वर्ष भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब देखने को मिला। सोमवार को तृतीय पावा पूरे देवईदास पुरवा धाम से साहब आलोक दास के नेतृत्व में निकली चार पावा चौदह गद्दी यात्रा भक्ति और उत्साह के माहौल में बुधवार को कोटवाधाम पहुंची।यात्रा में शामिल भक्त समर्थ स्वामी जगजीवन साहब का जप करते हुए विभिन्न पावों और गद्दियों से होते हुए कोटवाधाम पहुंचे। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।इस दौरान साहब आलोक दास ने कहा कि यह यात्रा सत्यानाम संप्रदाय की एकता और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सभी चौदह गद्दियों के दर्शन कराए जाएंगे और 6 सितम्बर 2025, दिन शनिवार को वापसी होगी।



