कल्पना सोरेन से विधायक निसात आलम ने की मुलाकात, दी नववर्ष की शुभकामनाएं
MLA Nisat Alam met Kalpana Soren and wished her a Happy New Year.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी एवं महिला-बाल विकास समिति की सभापति कल्पना सोरेन से समिति की सदस्य सह पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने रांची में शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक निसात आलम ने उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के बाद विधायक निसात आलम ने बताया कि यह एक औपचारिक भेंट थी। उन्होंने कहा कि महिला-बाल विकास समिति के अंतर्गत नियमित रूप से बैठकें कर योजनाओं की समीक्षा, उनके क्रियान्वयन और गति को लेकर चर्चा की जाती है। समिति की सभापति होने के नाते कल्पना सोरेन के नेतृत्व में सभी सदस्य मिलकर योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए कार्य कर रहे हैं। विधायक निसात आलम ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस-झामुमो गठबंधन सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य का चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और समिति इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में विकास की गाड़ी आगे बढ़ चुकी है और हम सभी को मिलकर इसे निरंतर गति देने की आवश्यकता है, ताकि राज्य प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।



