गाजियाबाद

एफआईआर दर्ज न होने पर आक्रोशित पीड़ित परिवार

शव का दाह संस्कार करने से इनकार

थाने पर शव रखकर धरना देने की चेतावनी, क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल 
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान सचिन 25 वर्ष)पुत्र  चंद्रपाल, निवासी बी-159, विक्रम इंक्लेव, शालीमार गार्डन के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना को कई घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
परिजनों के अनुसार, सचिन को चार युवक घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सचिन को डिपो के आसपास देखा गया। परिजनों का आरोप है कि रात करीब 8:30 बजे सचिन को बेरहमी से मारपीट कर रिक्शे में डालकर उसके घर के बाहर फेंक दिया गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में सचिन को परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है, इसके बावजूद पुलिस दोषियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी कर रही है। इससे नाराज परिजनों ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होगी, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो वे शव को थाने ले जाकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस ऐलान के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल हो गया है। जानकारी मिलने पर सैकड़ों की संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पर जुटने लगे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है और आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button