गाजियाबाद
अधिवक्ताओं की आवाज का असर
जिलाधिकारी ने दिया एक सप्ताह में समस्या के समाधान का आश्वासन कार्य-विरक्ति पर होगा पुनर्विचार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। नव-निर्मित तहसील लोनी परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर हेतु भूमि आरक्षित किए जाने की मांग को लेकर लोनी तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आज जिलाधिकारी गाजियाबाद से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अपनी मांगों से अवगत कराते हुए उपजिलाधिकारी लोनी को दिए गए अपने पत्र की प्रति भी सौंपते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
जिलाधिकारी गाजियाबाद ने लोनी बार एसोसिएशन की मांग को जायज बताते हुए उपजिलाधिकारी लोनी से तत्काल बातचीत कर मौके का निरीक्षण कराने तथा एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन प्रतिनिधिमंडल को दिया। जिलाधिकारी के इस सकारात्मक रुख के बाद अधिवक्ताओं ने खुशी व्यक्त की।
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में लोनी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जे.पी. शर्मा के साथ विजय आनंद, सोनू, देवेंद्र शर्मा, विनोद बाबू, कमल चंद, दिनेश बैसोया, गौहर जहां, नरेंद्र, राजेश, यूनुस सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर चैंबर हेतु भूमि चिह्नित/आरक्षित करने की दिशा में ठोस कार्यवाही नहीं होती , तो अधिवक्ताओं द्वारा लिए गए कार्य-विरक्ति के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाएगा।

