दीपावली-छठ को लेकर पुलिस अलर्ट, एसडीपीओ ने दिए सतर्कता के निर्देश
Police on alert for Diwali and Chhath; SDPO issues instructions to remain vigilant.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर (पाकुड़)। दीपावली एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर बुधवार को एसडीपीओ विजय कुमार ने अपने कार्यालय में थाना प्रभारियों के साथ क्राइम मीटिंग की। बैठक में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। एसडीपीओ ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने, बाजारों, पूजा पंडालों और छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, वाहन जांच और अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क और मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस निरीक्षक प्रयाग दास, महेशपुर थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, पाकुड़िया थाना एवं रद्दीपुर ओपी के पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।



