गोड्डा
महागामा और आसपास क्षेत्र में रमजान का पहला जुमा अकीदत से मना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महगामा। जिले सहित महागामा प्रखंड क्षेत्र में माहे रमजान का पहला जुमा पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अदा किया गया। हनवारा, बिशनपुर, परसा, कोयला समेत आसपास के गांवों में सुबह से ही खास रौनक देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने जुमा की नमाज़ के लिए तैयारी की। घरों में महिलाओं ने सुबह-सुबह साफ-सफाई कर नए कपड़ों को सलीके से तैयार किया। मस्जिदों की साज-सज्जा की गई और इत्र की खुशबू से माहौल पाकीज़ा हो उठा। जुमा की नमाज़ से पहले मस्जिदों में रोज़ा, सब्र और इंसानियत पर तकरीरें हुईं। इमामों ने रमजान के मुकद्दस महीने में नेक अमल अपनाने,जरूरतमंदों की मदद करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का पैगाम दिया। उन्होंने समाज में सौहार्द बनाए रखने और नफरत से दूर रहने की अपील की। नमाज के बाद देश में अमन-चैन, आपसी सौहार्द और इलाके की खुशहाली के लिए खास दुआ मांगी गई। बीमारों की सेहत, बेरोज़गार युवाओं के लिए रोज़गार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दुआओं से माहौल भावुक हो उठा। दुआ के दौरान कई लोगों की आंखें नम हो गईं। रमजान का पहला जुमा क्षेत्र के लोगों के लिए इबादत के साथ उम्मीद और इंसानियत का पैगाम लेकर आया, जिसने समाज में एकता और करुणा के भाव को और मजबूत किया।



