गोड्डा
बलबड्डा में मना 76वां वन महोत्सव, वृक्षारोपण कर दिया गया हरित भविष्य का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा/महगामा : अनुमंडल अंतर्गत बलबड्डा में आज 76वां वन महोत्सव सह वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर पौधा लगाया। वहीं मौके पर ग्रामीणों, स्कूली छात्रों, वन विभाग के अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को एक हरित, स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य सौंपने की दिशा में मजबूत संकल्प व्यक्त करना था। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक पर्यावरणीय गतिविधि नहीं, बल्कि प्रकृति से हमारे रिश्ते को फिर से जोड़ने की एक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने कई प्रजातियों के पौधे लगाए। खासकर युवाओं और छात्रों की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
वन विभाग के अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के वैज्ञानिक पहलुओं पर जानकारी दी और लोगों को प्रेरित किया कि वे एक-एक पौधे को अपने बच्चों की तरह पालें। पर्यावरण संतुलन की जिम्मेदारी साझा करें। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि हरियाली बढ़ाना और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखना हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। वहीं कार्यक्रम को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से जन-जागरूकता पर भी बल दिया गया।



