बरेली

बरेली के सर्राफा बाजार में एकजुटता की गूंज, यूपी सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन का  हुआ गठन 

अनिल पाटिल को सौंपी गई प्रदेश की कमान

आईपीसी 411 और बीएनएस 317 से मिलेगी राहत, बरेली से उठा सर्राफा व्यापारियों का संगठित आंदोलन
सोना-चांदी कारोबारियों की ढाल बनेगा नया संगठन, 50 से अधिक पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
सर्राफा व्यापार पर संकट तो आर-पार की लड़ाई
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। सर्राफा कारोबारियों के हितों की रक्षा के लिए बरेली से एक नई और सशक्त पहल की शुरुआत हुई है। गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित होटल डी ग्रांड में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ‘यूपी सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन (रजि.)’ के गठन की औपचारिक घोषणा की गई। इस मौके पर व्यापारियों ने एक सुर में कहा— अब व्यापार पर आंच आई तो पूरी बिरादरी एक साथ मैदान में उतरेगी।
वरिष्ठ व्यापारियों को सौंपी गई संरक्षक की जिम्मेदारी
संगठन को मजबूत आधार देने के लिए शहर के प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारियों को संरक्षक बनाया गया।
सेठ प्रताप चंद सेठ (लाला काशीनाथ ज्वैलर्स), प्रेम प्रकाश अग्रवाल (सत्य प्रकाश वीरेंद्र प्रकाश सर्राफ) और विनीत रस्तोगी (V.V. ज्वैलर्स) को संगठन का संरक्षक मनोनीत किया गया।
संरक्षक प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पद नहीं, बल्कि व्यापारियों की निस्वार्थ सेवा है।
अनिल पाटिल बने प्रदेश अध्यक्ष, विशाल मेहरोत्रा को मंडल की जिम्मेदारी
संगठन की कमान अनुभवी हाथों में सौंपी गई।
अनिल पाटिल (श्री सिद्धि विनायक ज्वैलर्स) को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष चुना गया, जबकि विशाल मेहरोत्रा (मेहरोत्रा एंड संस) को बरेली मंडल अध्यक्ष बनाया गया।
इसके अलावा सुशील बंसल को जिला अध्यक्ष, संजीव अग्रवाल को महानगर अध्यक्ष और रामनारायण गुप्ता (मीरगंज) को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया।
 कानूनी उलझनों पर होगा सीधा वार
प्रदेश अध्यक्ष अनिल पाटिल ने बताया कि सर्राफा व्यापारियों को अक्सर आईपीसी की धारा 411 और बीएनएस की धारा 317 के तहत अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संगठन इन कानूनी जटिलताओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन और शासन स्तर पर प्रभावी पहल करेगा।
इसके साथ ही सोने-चांदी की शुद्धता, बाजार भाव की पारदर्शिता और नियमित अपडेट भी व्यापारियों तक पहुंचाए जाएंगे।
 सुरक्षा, सरकारी योजनाएं और गिरवी सामान पर फोकस
मंडल अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा और महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने कहा कि बढ़ती कीमतों और सुरक्षा जोखिमों के बीच व्यापार करना कठिन होता जा रहा है। संगठन व्यापारियों की सुरक्षा, बीमा, और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।
जिला अध्यक्ष सुशील बंसल ने कहा कि गिरवी रखे आभूषणों से जुड़े विवादों का समाधान संगठन की प्राथमिकता रहेगा।
 50 से अधिक पदाधिकारियों की मजबूत कार्यकारिणी
संगठन में बरेली और आसपास के क्षेत्रों के 50 से अधिक प्रमुख व्यापारियों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश, मंडल, महानगर और जिला स्तर पर महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री और कार्यकारिणी सदस्यों की विस्तृत टीम गठित की गई है, जिससे संगठन जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button