गोड्डा
बसंतराय पुलिस ने चलाया नशा मुक्ति अभियान, युवाओं को दिलाई गई शपथ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय : पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देशानुसार बसंतराय थाना पुलिस की ओर से बुधवार को अम्बेडकर चौक पर नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। उक्त अभियान के तहत सब इंस्पेक्टर प्रेम मोहन झा ने लोगों से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने की सलाह दी और नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया। मौके पर मौजूद युवाओं को नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई।
थाना प्रभारी मनीष कुमार यादव ने बताया कि जिले में लगातार नशे की रोकथाम को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना और समाज को सुरक्षित बनाना है। इस अभियान में स्थानीय समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने भी भाग लिया और पुलिस की इस पहल की सराहना की। लोगों ने इसे एक सराहनीय कदम बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।



